रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत

 




रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुंबरगढ़ (कुंवरगढ़) में स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर की बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है।

यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह उस वक्त हुआ जब बच्चे मंदिर परिसर के पास खेल रहे थे। मंदिर परिसर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतकों की पहचान साक्षी साहू (7 वर्ष) और श्रवण धीवर (4 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे धरसींवा के कुर्रा गांव के रहने वाले थे।

धरसींवा थाना पुलिस ने बताया है कि शनिवार सुबह दोनों बच्चे खेलते-खेलते मंदिर परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान वे प्राचीन बावड़ी के पास चले गए और अचानक उसमें गिर गए। काफी देर तक जब बच्चे दिखाई नहीं दिए, तब परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। अंततः दोनों मासूमों के शवों को बावड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही धरसीवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई राजेंद्र दीवान ने बताया है कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्राचीन बावड़ी के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर चिंता जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा