डीआरएम ने दंतेवाड़ा, तोकापाल व बड़े आरापुर स्टेशनों का किया निरीक्षण

 


जगदलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार नए स्टेशन भवन के लोकार्पण की तैयारियां भी चल रही हैं। इन्हीं विकास कार्यों की प्रगति देखने शनिवार काे ओडिशा रेल मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने दंतेवाड़ा, तोकापाल और बड़े आरापुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में सुविधाएं शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं दूसरी ओर बस्तर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर भी जोर दिया जा रहा है। बड़े आरापुर रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण जल्द पूरा करने की तैयारी है, जबकि जगदलपुर स्टेशन में लगी लिफ्ट को भी जल्द यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा।

बस्तर की रेल कनेक्टिविटी को आधुनिक बनाने की दिशा में रेलवे ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। आने वाले समय में बस्तर को वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है। इसके लिए जगदलपुर में ही ट्रेन के रखरखाव की सुविधा विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। जगदलपुर में कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो बनाने के प्रस्ताव पर रेलवे काम कर रहा है। ओडिशा रेल मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने जगदलपुर दौरे के दौरान इसकी जानकारी दी।

मिली जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को लेकर रेलवे की नई योजना के तहत जगदलपुर में कोचिंग डिपो स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। इस डिपो के निर्माण से भविष्य में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन और रख-रखाव की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं। फिलहाल वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर अंतिम मंजूरी और आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे