कोरबा : मुरुम से भरे ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा, 27 जून (हि. स.)। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जटगा चौकी के धोबघटपारा में शनिवार को एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब चालक मुरुम से भरा ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत जटगा के धोबघटपारा निवासी बनवारी पटेल (लगभग 40 वर्ष) ट्रैक्टर में मुरुम लोड कर परिवहन कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक संभल पाता, इससे पहले ही वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जटगा चौकी प्रभारी भीमसेन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा भेज दिया।
जटगा चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि, प्रथम दृष्टया ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने से चालक की दबकर मौत होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी