आमदी में 99.95 लाख रुपये से बनेगा डॉ. बीआर अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन
सूडा ने दी प्रशासकीय स्वीकृति, वार्ड क्रमांक-01 में होगा निर्माण
धमतरी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पंचायत आमदी में सामाजिक एवं सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां वार्ड क्रमांक-01 में 99.95 लाख रुपये की लागत से डॉ. बीआर अंबेडकर सर्वसमाज मांगलिक भवन का निर्माण किया जाएगा। राज्य शासन की राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा), छत्तीसगढ़ ने इसके लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
सूडा द्वारा 14 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, नगर पंचायत आमदी के मुख्य नगरपालिका अधिकारी की ओर से प्रस्तुत प्रस्ताव पर विचार करने के बाद निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई है। भवन बनने से नगरवासियों को विवाह समारोह, सामाजिक सम्मेलन, पारिवारिक कार्यक्रम और अन्य सामूहिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। सर्वसमाज के उपयोग के लिए प्रस्तावित यह भवन सामाजिक मेल-मिलाप और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में भी सहायक होगा।
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बनने वाला यह भवन सामाजिक न्याय, समानता और समरसता के मूल्यों का प्रतीक बनेगा। जारी आदेश के अनुसार, प्रस्तावित भूमि का आधिपत्य सुनिश्चित करने और आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों, तकनीकी मानकों और शासन के नियमों के अनुरूप कराया जाएगा।
स्वीकृत राशि की पहली किश्त जारी की जा रही है, जबकि अगली किश्त प्राप्त करने के लिए उपयोगिता प्रमाण पत्र, कार्य की भौतिक प्रगति, निविदा समिति की अनुशंसा और सत्यापित फोटोग्राफ प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद सक्षम प्राधिकारी से न्यूनतम दरों का अनुमोदन और वित्तीय स्वीकृति भी लेनी होगी। निर्माण लागत में किसी कारण से वृद्धि होने पर अतिरिक्त राशि का वहन संबंधित नगरीय निकाय को करना होगा। इस स्वीकृति से आमदी में सामुदायिक अधोसंरचना के विकास को गति मिलने और नागरिकों को सार्वजनिक उपयोग की महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा