भारत रत्न डॉ. अम्बेडकर की जयंती पर भाजपा ने किया नमन

 


रायपुर 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने डॉ. अम्बेडकर के छाया चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रध्दासुमन अर्पित किया।

भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने इस अवसर पर कहा कि भारत के संविधान और सामाजिक न्याय के इतिहास में डॉ. अम्बेडकर का योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने न केवल संविधान निर्माण की प्रक्रिया का नेतृत्व किया, बल्कि समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की नई चेतना भी जगाई। श्री जम्वाल ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी ज्ञान से बदलाव लाया जा सकता है। उनका मानना था कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ा हथियार है, जिससे समाज को बदला जा सकता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने समाज में शिक्षा की अलख जगाई। बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समर्पण और दृढ़ संकल्प की अनुपम मिसाल है। शिक्षा के बल पर दुनिया के सबसे बड़े विद्वानों में स्थान बनाया। महान अर्थशास्त्री, कानूनविद्, समाज सुधारक, पत्रकार और सबसे बढ़कर भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार थे। देव ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार दिलाने, श्रमिकों के हितों की रक्षा करने और शिक्षा को हर व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहे। आज जब हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 का संकल्प ले रहे हैं, तो बाबासाहेब के विचार हमारी प्रेरणा का स्रोत हैं। उनका सपना था शिक्षित हो, संघर्ष करो और संगठित हो जिसके माध्यम से समाज में जाति आधारित भेदभाव का अंत हो, आर्थिक स्वावलंबन हो, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएँ हर नागरिक तक पहुँचें, और सबका साथ, सबका विकास का सिद्धांत साकार हो। उन्होंने सामाजिक न्याय, महिलाओं के अधिकार और आर्थिक समानता पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप शर्मा, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने, अनुराग अग्रवाल, अशोक पांडेय, डॉ सलीम राज सहित पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल