सूरजपुर : घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर छापा, होटलों से 10 सिलेंडर जब्त
सूरजपुर, 13 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए कई होटलों में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
जांच के दौरान ओडगी रोड स्थित यादव होटल (संचालक शिवचरण यादव) में निरीक्षण किया गया, जहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 3 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। टीम ने सिलेंडरों को जब्त कर इंडेन गैस एजेंसी भैयाथान को सुपुर्द कर दिया।
इसके अलावा घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों के आधार पर टीम ने सूरजपुर शहर के गोलू स्वीट्स, पंडित स्वीट्स, होटल मद्रासी और आनंद रिहंदम का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोलू होटल से 6 उपयोग किए गए घरेलू गैस सिलेंडर तथा आनंद रिहंदम के किचन कक्ष से 1 उपयोग किया हुआ घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया गया, जिन्हें टीम द्वारा जब्त कर लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई तहसीलदार भैयाथान, राजस्व निरीक्षक भैयाथान, पटवारी तथा खाद्य निरीक्षक भैयाथान की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध और व्यावसायिक उपयोग पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह