पीपरछेड़ी के समाधान शिविर में दिव्यांग शिवचरण को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल,
धमतरी, 21 मई (हि.स.)। ग्राम पीपरछेड़ी निवासी दिव्यांग शिवचरण कंवर के जीवन में वर्ष 2022 में आकाशीय बिजली गिरने की घटना ऐसा ही कठिन दौर लेकर आई थी। हादसे में उनके दोनों पैर गंभीर रूप से प्रभावित हो गए, जिससे उनका सामान्य जीवन पूरी तरह बदल गया।
मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले शिवचरण अचानक दूसरों पर निर्भर हो गए। घर से बाहर निकलना, रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम करना भी उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया। आर्थिक तंगी और शारीरिक असमर्थता ने परिवार की परेशानियां बढ़ा दी थीं। इसी बीच सुशासन तिहार के तहत ग्राम पीपरछेड़ी में आयोजित समाधान शिविर शिवचरण और उनके परिवार के लिए नई उम्मीद लेकर आया। शिविर में उनकी समस्या को गंभीरता से सुना गया और राजस्व मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के हाथों उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलते ही शिवचरण के चेहरे पर लंबे समय बाद मुस्कान लौट आई। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि अब वे अपने छोटे-छोटे काम स्वयं कर सकेंगे और गांव में बिना सहारे आ-जा पाएंगे। इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का नया विश्वास मिला है। शिवचरण ने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार को लगातार राहत मिल रही है। राशन कार्ड बनने से खाद्यान्न की सुविधा मिलने लगी है, वहीं उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने सहायता राशि प्राप्त हो रही है, जिससे परिवार को आर्थिक सहारा मिला है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संवेदनशील पहल ने उनके जैसे दिव्यांगजनों के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भरने का काम किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा