जिला पंचायत में अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने फहराया तिरंगा
जांजगीर-चांपा, 15 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने आन-बान और शान के साथ तिरंगा फहराया। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अनगिनत बलिदानों और अथक संघर्षों के बाद मिली है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें शहीदों के त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करने के साथ देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और मातृशक्ति को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान, अवसर और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी मिलनी चाहिए। ग्राम पंचायत स्तर तक बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि वे अपनी समस्याएं खुलकर साझा कर विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया और सीईओ विनय कुमार पोयाम ने भी वीर शहीदों को नमन करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता निभाने और राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT