जांजगीर में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन, लोकनृत्य और लोकगीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में युवाओं की प्रतिभा, कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पंचायत परिसर में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े शामिल हुईं। महोत्सव में जिले के युवाओं ने लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
युवा महोत्सव के अंतर्गत विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता, कला और कौशल का परिचय दिया।
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को अपनी कला और कौशल को निखारकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, आशा साव, प्रियंका पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका जांजगीर-नैला उपाध्यक्ष मोहन यादव, अमर सुल्तानिया, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, नंदिनी राजवाड़े, रवि पांडेय, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह और जिला खेल अधिकारी पुष्पलता कोरी दिवाकर सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक यादव ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT