कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक सम्पन्न

 


जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आज साेमवार काे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक की नवीन कार्ययोजना को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

कलेक्टर महोबे ने कहा कि समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिले में लिंगानुपात में सुधार, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए पीसीपीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन तथा सभी बालिकाओं का शत-प्रतिशत विद्यालय प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास, शिक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग को समन्वित रूप से कार्य करते हुए जिले के सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में गुड टच-बैड टच विषय पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए एचपीवी वैक्सीन के विशेष टीकाकरण सत्र संचालित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाकर स्कूल छोड़ चुकी तथा शिक्षा से वंचित बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से कहा कि कार्ययोजना का लाभ वास्तविक रूप से प्रत्येक बेटी तक पहुंचे और सभी विभाग आपसी समन्वय एवं गंभीरता के साथ निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अनिता अग्रवाल ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से गत वित्तीय वर्ष में संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न जागरूकता एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में बालिकाओं को लाभान्वित किया गया तथा आगामी वर्ष के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। बैठक में आगामी वर्ष के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, वॉल पेंटिंग, रैली तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के आयोजन की जानकारी दी गई।

बैठक में बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अनिता अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT