जिला स्तरीय शालेय योग स्पर्धा में खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

 


धमतरी, 18 अगस्त (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुजगहन में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय शालेय योग स्पर्धा में जिले के तीन ब्लाकों के 49 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न योग विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने ट्रेडिशनल योगासन सहित चार विधाओं में उन्नत योग कौशल दिखाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 24 खिलाड़ियों का चयन रायपुर जोन स्तरीय शालेय योग स्पर्धा के लिए किया गया।

स्पर्धा में विकासखंड धमतरी से 10, मगरलोड से नौ और कुरुद से 30 खिलाड़ी शामिल हुए। 14, 17 और 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर एवं रिथमिक पेयर में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न आसनों के साथ संतुलन, लय, एकाग्रता और शारीरिक दक्षता का बेहतर प्रदर्शन किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच अच्छा उत्साह देखने को मिला। अलग-अलग आयु वर्ग और विधाओं में प्रतिभागियों ने अपने अभ्यास और कौशल का प्रदर्शन करते हुए बेहतर स्थान हासिल करने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के बाद चयनित खिलाड़ियों में आगामी जोन स्तरीय स्पर्धा को लेकर खासा उत्साह रहा। रायपुर जोन स्तरीय शालेय योग स्पर्धा गरियाबंद में प्रस्तावित है। इसमें बालक वर्ग की प्रतियोगिता 24 अगस्त और बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 25 अगस्त को होगी। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब जोन स्तर पर धमतरी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस स्पर्धा की संयोजक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुजगहन की प्राचार्य मोनिका गोस्वामी एवं सह संयोजक व्यायाम शिक्षक राजकुमार सिन्हा थे। इस अवसर पर योग शिक्षक राजकुमार साहू, उमराव साहू, वंदना तिग्गा, मुकेश सोनकर, गैंद लाल साहू, गीतेश सिंह, उत्तम साहू सहित प्रतिभागी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा