जांजगीर में दाे नवंबर को होगा जिलास्तरीय राज्योत्सव, विधायक धरम लाल कौशिक होंगे मुख्य अतिथि

 




कलेक्टर-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में जिलास्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके तहत महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश द्वार, विभागीय स्टॉल, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और आकर्षक ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT