जिला स्तरीय अधिकारियों को किया गया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक
काेंड़ागांव, 26 अगस्त (हि.स.)। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों सहित शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से काेंड़ागांव पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत जिले भर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज बुधवार काे जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में जिले के समस्त विभाग प्रमुखों की आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख अधिकारीगण, अनुविभागीय दण्डाधिकारी, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य शासकीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान काेंड़ागांव एसपी पंकज चन्द्रा द्वारा उपस्थित अधिकारियों के मध्य साइबर जागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें विशेष रूप से अज्ञात फोन कॉल, फर्जी लिंक, संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी, बैंकिंग फ्रॉड तथा ओटीपी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
काेंड़ागांव एसपी पंकज चन्द्रा द्वारा कार्यक्रम को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से उपस्थित अधिकारियों के बीच साइबर सुरक्षा विषय पर क्विक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की साइबर जागरूकता को बढ़ाना तथा साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना था। क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर कोण्डागांव नुपूर राशि पन्ना विजेता रहीं। उनके साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य अधिकारियों को भी सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी में काेंड़ागांव कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना , मुख्य नगरपालिका अधिकारी चिन झा, तहसीलदार, माकड़ी अंकुर रात्रे,जिला समन्वयक अधिकारी मानव विश्वास, महिला एवं बाल विकास विभाग के रेणु शामिल रहे।
कार्यक्रम के पश्चात जिला कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने साइबर जागृति अभियान से संबंधित क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली तथा उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सजग और सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सावधानी बरतें, किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित एजेंसी को सूचना दें।
इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट शाखा, कोण्डागांव में भी एसपी पंकज चन्द्रा द्वारा साइबर जागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे बैंकिंग एवं ऑनलाइन साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी/यूपीआई फ्रॉड, केवायसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन बैंकिंग से संबंधित धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। उन्होंने बैंक कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहते हुए अपने ग्राहकों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता क्यूआर कोड स्कैन कराकर सेल्फी भी ली गई तथा साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सहभागिता सुनिश्चित की गई।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव कपिल चन्द्रा, निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, रक्षित निरीक्षक मनीष राजपूत सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे