जांजगीर-चांपा में जिलास्तरीय सलाहकार समिति की बैठक, वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 02 मार्च (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक आज सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न हितग्राहीमूलक, विकास एवं रोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पूर्व सभी बैंक मिशन मोड में कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहायता ऋण राशि का समयबद्ध वितरण किया जाए और प्रकरणों में शत-प्रतिशत स्वीकृति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा अन्य स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय से लंबित मामलों का समयसीमा में निराकरण करें और हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से परेशान न करें।
कलेक्टर ने आधार सीडिंग और ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा की तथा वित्तीय फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा प्रेषित प्रकरणों की स्थिति, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति, पीएमएमवाय और पीएम स्वनिधि सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऋण मेला आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि वित्तीय वर्ष के भीतर अधिकतम लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को सरकार की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए कहा कि इस योजना से संबंधित ऋण प्रकरणों में किसी प्रकार की लंबित स्थिति नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने बैंकों और संबंधित अधिकारियों को हितग्राहियों की ऋण संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, रिजर्व बैंक, लीड बैंक तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT