जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न, निवेश प्रस्तावों के त्वरित निराकरण के निर्देश

 


धमतरी, 25 जून (हि.स.)। जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति (डीआईपीबी) की बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में जिले में प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं की प्रगति, निवेशकों को दी जा रही सेवाओं तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सिंगल विंडो सिस्टम (एसडब्ल्यूएस) पोर्टल पर लंबित ऑनलाइन आवेदनों की स्थिति का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने भूमि आबंटन संबंधी प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में नवीन औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्र आधारित परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक अनुमतियों, आधारभूत अधोसंरचना के विकास तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में निवेश स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों और निवेशकों को प्राथमिकता के आधार पर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि निवेश प्रस्तावों का शीघ्र क्रियान्वयन हो सके और जिले में औद्योगिक विकास को नई गति मिले।

बैठक के दौरान इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए शासकीय कार्यालय परिसरों में उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस संबंध में संभावनाओं का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक के अंत में महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र धमतरी ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा