जिला कांग्रेस की बैठक में संगठन मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की रणनीति
धमतरी, 30 जुलाई (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक गुरुवार को राजीव भवन
में आयोजित हुई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनहित के
मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में जिला संगठन
प्रभारी विनोद तिवारी और महासमुंद लोकसभा प्रभारी सकलेन कामदार ने ब्लॉक
एवं जिला स्तर पर चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए
पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार तथा जनता के बीच सक्रिय
भूमिका निभाने के निर्देश दिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने
पिछले एक माह की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी ब्लॉकों में प्रत्येक माह नियमित
संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा स्थानीय जनसमस्याओं और सरकार की
जनविरोधी नीतियों के खिलाफ ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक व्यापक जनआंदोलन
चलाए जाएंगे। साथ ही ब्लॉक और जिला पदाधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन
कर बूथ स्तर की समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। आगामी
राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई,
किसान कांग्रेस, सेवादल, आदिवासी कांग्रेस और पिछड़ा वर्ग कांग्रेस सहित
सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक
को संबोधित करते हुए विनोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत
उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और उन्हें जनता के सुख-दुख में हमेशा सहभागी
बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित संगठनात्मक बैठकें संगठन को जमीनी स्तर
पर और मजबूत करेंगी। वहीं सकलेन कामदार ने कहा कि जनता के अधिकारों की
लड़ाई को सड़क तक ले जाना कांग्रेस की प्राथमिकता है और आगामी आंदोलनों में
सभी ब्लॉकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में विधायक
ओंकार साहू, विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, पूर्व
विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, पूर्व विधायक लेखराम साहू और विधानसभा संगठन
प्रभारी अश्वनी राजपूत ने भी संगठन को मजबूत करने और जनसरोकार के मुद्दों
पर प्रभावी संघर्ष के लिए अपने सुझाव दिए। बैठक में मोहन लालवानी, शरद
लोहाना, विपिन साहू, राजकुमारी दीवान, नीलम चंद्राकर, आनंद पवार, संतोषी
निषाद, शारदा लोकनाथ साहू, अरविंद दोषी, चंद्रकला नेताम, डॉ. विजय प्रकाश
जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता
उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा