ई-साक्ष्य जुटाने के लिए रायपुर के 308 विवेचकों को मिले मोबाइल
रायपुर, 5 जुलाई (हि. स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने विवेचना कार्य को आसान और तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कमिश्नरेट के 308 विवेचकों को ई-साक्ष्य (डिजिटल साक्ष्य) जुटाने के लिए मोबाइल फोन दिए गए।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल वितरित किए।
इन मोबाइलों की मदद से विवेचक घटनास्थल पर फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य तुरंत जुटाकर सुरक्षित तरीके से रिकॉर्ड कर सकेंगे। इससे जांच में तेजी आएगी और साक्ष्यों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जा सकेगा।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विवेचकों से कहा कि वे मोबाइल और डिजिटल ऐप्स का जिम्मेदारी से उपयोग करें तथा डेटा सुरक्षा के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि, नई तकनीक के इस्तेमाल से जांच बेहतर होगी और अदालत में मजबूत साक्ष्य पेश करने में भी मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पहल पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में विवेचकों को इसके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे जांच प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर