सिगरेट देने को लेकर विवाद, युवक को सड़क पर पटककर पीटा

 


कोरबा, 29 सितम्बर (हि.स.)। कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में देर रात पान ठेले पर सिगरेट देने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान एक युवक को तीन युवकों ने सड़क पर पटक-पटककर पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक के सिर पर पत्थर से हमला करने की कोशिश भी की गई।

पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार एसबीएस कॉलोनी निवासी राहुल शांडिल्य अपने साथी दक्ष निराला के साथ बाइक से किसी काम से गए थे। देर रात घर लौटते समय दोनों कृष्णा नगर बस्ती में स्थित एक पान ठेले पर रुके थे। इसी दौरान तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक भी वहां पहुंचे और दुकानदार से सिगरेट मांगी। सिगरेट देने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद मौके पर ही मारपीट शुरू हो गई।

सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक एक युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। फुटेज में युवक को सड़क पर गिराकर बार-बार पीटने के साथ ही उसके सिर पर पत्थर से हमला करने का प्रयास करते हुए भी देखा जा सकता है। घटना के बाद घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मानिकपुर सहायता केंद्र अंतर्गत कृष्णा नगर में सिगरेट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। एक पक्ष में राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला हैं, जबकि दूसरे पक्ष में तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला शामिल हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। एमएलसी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद चोट की गंभीरता के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी