बिना वैकल्पिक व्यवस्था के सार्वजनिक शौचालय डिस्मेंटल शुरू

 


धमतरी, 27 मार्च (हि.स.)। नगर निगम धमतरी के 10 वार्डों में वर्षों पुराने सामुदायिक सह सार्वजनिक शौचालय भवन जर्जर हो चुके हैं। निगम ने इन्हें डिस्मेंटल करना शुरू कर दिया है जिससे वार्डवासियों की परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार को दानीटोला वार्ड में शौचालय तोड़ने पहुंची टीम का वार्ड की महिलाओं ने विरोध किया। वार्डवासियों के लिए यहां कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

नगर निगम धमतरी अंतर्गत दानीटोला, रामसागर पारा, कोष्टापारा, औद्योगिक, नवागांव, बांसपारा, मकेश्वर, हटकेशर, सोरिद और जोधापुर वार्ड के सामुदायिक सह सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति खराब होने पर इन्हें जर्जर घोषित किया गया था। अब निगम ने इन शौचालयों के डिस्मेंटल का कार्य शुरू कर दिया है। इन वार्डों के लोगों द्वारा कई वर्षों से जर्जर शौचालय हटाकर नए सामुदायिक शौचालय निर्माण की मांग की जा रही थी।

इसी कड़ी में गुरुवार को दानीटोला वार्ड के शौचालय डिस्मेंटल करने पहुंची टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। वार्ड की महिलाओं ने कहा कि शौचालय हटाने से पहले कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है जिससे दैनिक उपयोग में परेशानी होगी। शहर के दानीटोला वार्ड में अटल आवास के पास स्थित सामुदायिक सह सार्वजनिक शौचालय कई वर्षों से जर्जर हो गई हैं। जिसके मरम्मत की मांग वार्डवासी काफी समय से कर रहे थे। निगम ने शौचालय की जर्जर स्थिति को देखते हुए डिस्मेंटल करने का निर्णय लिया। गुरुवार को डिस्मेंटल के लिए निगम के कर्मचारी पहुंचे थे। यहां निवासरत अटल आवास के रहवासी सहित अन्य लोगों ने बिना सूचना के तोड़ने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद वार्ड पार्षद अज्जू देशलहरे के हस्तक्षेप के बाद डिस्मेंटल कार्य रोका गया।

वार्ड के शिवा कुर्रे, शिव राम कुर्रे, राहुल, शीतल ढीमर, रमा डहरिया एवं कस्तूरा बंजारे ने बताया कि यहां के अटल आवास के 32 कमरों में 100 से अधिक लोग निवासरत हैं। किसी भी आवास में शौचालय नहीं है। सभी लोग इस सार्वजनिक शौचालय पर आश्रित हैं। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के शौचालय को तोड़ा जा रहा है जिससे वार्डवासी परेशान हैं। महिलाओं के शौच जाने के लिए कोई मैदान नहीं होने से दिक्कतें बढ़ गई हैं। उनकी मांग है कि पहले नया सामुदायिक शौचालय बनाया जाए उसके बाद ही इस जर्जर शौचालय को डिस्मेंटल किया जाए।

दानीटोला वार्ड पार्षद अज्जू देशलहरे ने कहा कि जब तक 40-50 परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनती, तब तक शौचालय का डिस्मेंटल नहीं होने देंगे। नए सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए जगह आरक्षित रखी है। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता नगर निगम धमतरी के प्रभारी सदस्य नीलेश लूनिया ने कहा कि दानीटोला वार्ड में महिलाओं के विरोध की जानकारी मिली है। उनकी सुविधा के लिए जल्द वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा