भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में सिपाही रक्षा सूत्र और हर घर तिरंगा अभियान को लेकर हुई चर्चा
सिपाही रक्षा सूत्र अभियान, हर घर तिरंगा और संत रविदास जयंती कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटा भाजपा महिला मोर्चा
धमतरी, 31 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला धमतरी की जिला कार्यसमिति बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी पुष्पलता चौहान, सह प्रभारी माधुरी साहू तथा जिला अध्यक्ष अनिता यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में आगामी सिपाही रक्षा सूत्र अभियान, हर घर तिरंगा अभियान, तिरंगा यात्रा तथा संत रविदास की 650वीं जयंती के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सिपाही रक्षा सूत्र अभियान के माध्यम से सीमा पर तैनात जवानों और आंतरिक सुरक्षा में कार्यरत पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता रक्षा सूत्र संग्रह कर सुरक्षा बलों तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। साथ ही 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा में महिला मोर्चा की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पुष्पलता चौहान और माधुरी साहू ने कहा कि घर-घर संपर्क कर नागरिकों को तिरंगा फहराने, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिपाही रक्षा सूत्र अभियान और राष्ट्रभक्ति से जुड़े सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा तथा प्रत्येक कार्यकर्ता इसमें सक्रिय भूमिका निभाएगी। बैठक को प्रदेश उपाध्यक्ष बिथिका विश्वास, अर्चना चौबे और सरला जैन ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर निगम सभापति कौशल्या देवांगन, नगर पंचायत कुरूद अध्यक्ष मोनिका देवांगन, आमदी नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर सहित भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका सिन्हा ने किया तथा आभार कविता यादव ने व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा