भाठागांव धान संग्रहण केंद्र में अव्यवस्था, कांग्रेस ने उठाए सवाल

 


धमतरी, 22 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में शन‍िवार को एक दल ने कुरुद विकासखंड के भाठागांव स्थित धान संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में धान के सुरक्षित भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिलने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए। पक्के चबूतरे और पर्याप्त गोदाम नहीं होने से बड़ी मात्रा में धान के खराब होने की आशंका जताई।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस दल ने केंद्र का भौतिक निरीक्षण किया। तारिणी चंद्राकर ने बताया कि भाठागांव संग्रहण केंद्र में धमतरी जिले के अलावा बस्तर संभाग के कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, दुर्गूकोंदल एवं मानपुर-मोहला सहित अन्य क्षेत्रों से उपार्जित धान भी लाकर रखा जाता है। इतने बड़े स्तर पर धान का संग्रहण होने के बावजूद केंद्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त सरकारी गोदाम नहीं होने के कारण बारदाने, तिरपाल और किसानों के लिए आने वाली खाद जैसी आवश्यक सामग्री को निजी एवं किराए के गोदामों में रखना पड़ रहा है। इससे सरकारी राशि का अतिरिक्त खर्च होने के साथ ही सामग्री के रखरखाव में भी परेशानी हो रही है।

तारिणी चंद्राकर ने कहा कि अन्नदाताओं की मेहनत से तैयार धान को असुरक्षित स्थिति में रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को समय रहते व्यवस्था सुधारनी चाहिए, ताकि धान को खराब होने से बचाया जा सके। उन्होंने भाठागांव संग्रहण केंद्र में तत्काल पक्के चबूतरे बनाने, पर्याप्त सरकारी गोदाम उपलब्ध कराने एवं धान को बारिश और नमी से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष जानसिंह यादव, जिला महामंत्री रमेशर साहू, ब्लाक अध्यक्ष महिम शुक्ला, जिला सचिव कामराय साहू, ब्लाक महामंत्री चंद्र प्रकाश देवांगन, ब्लाक उपाध्यक्ष पंकज जोशी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा