ढेलवाडीह–देवरी–बुंदेली मार्ग की बदहाल सड़क बनी मुसीबत, बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा
कोरबा, 7 जुलाई (हि. स.)। कोरबा जिले के ढेलवाडीह–शुक्लाखार से देवरी होते हुए बुंदेली तक जाने वाली लगभग तीन से चार किलोमीटर लंबी सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से लोगों का आवागमन कठिन हो गया है।
बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
यह मार्ग आसपास के लगभग 20 से 25 गांवों के ग्रामीणों के लिए तहसील एवं जिला मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। वहीं मोगरा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए दीपका जाने का भी यही एकमात्र सड़क मार्ग है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग से गुजरना और भी जोखिम भरा हो जाता है। गड्ढों में पानी भरे होने के कारण वाहन चालक सड़क की वास्तविक स्थिति का अनुमान नहीं लगा पाते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क का सुधार नहीं कराया गया तो बरसात के दिनों में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी