श्रीजलाराम जयंती पर ‘दिल से दान’ अभियान, तितिरगांव में बांटे कंबल, स्टेशनरी

 


जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। श्रीजलाराम बापा की 227वीं जन्म-जयंती पर श्री जलाराम सेवा ट्रस्ट, जगदलपुर ने अपने ‘दिल से दान’ वस्त्र दान अभियान के इस वर्ष के वितरण की शुरुआत की। पहला वितरण तितिरगांव स्थित श्रीगायत्री आश्रम के गायत्री गुरुकुल में हुआ। गुरुकुल के संस्थापक सदस्यों और प्रबंधन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में साेमवार काे बच्चों को कंबल, स्टेशनरी और लड्डू बांटे गए।

श्रीजलाराम बापा ने वीरपुर में सदाव्रत के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन कराकर निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। इसी सेवा भावना से ट्रस्ट कई वर्षों से ‘दिल से दान’ अभियान चला रहा है। इस पहल का उद्देश्य इस्तेमाल किए जा चुके, लेकिन अच्छी हालत में मौजूद कपड़ों को दोबारा उपयोग में लाना है, ताकि वे कचरे में जाने के बजाय किसी के काम आ सकें। ट्रस्ट ने सभी से साफ-सुथरे और पहनने योग्य कपड़े दान कर अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। आने वाले कुछ महीनों में ट्रस्ट के सदस्य और स्वयंसेवक दान में मिले वस्त्र बस्तर अंचल के दूरस्थ गांवों में जरूरतमंद परिवारों तक सीधे पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम में चर्चित ठक्कर, मेहक पटेल, लक्ष्मी पटेल, डॉ. युक्ति जोबनपुत्रा, चिराग जोबनपुत्रा, पार्थ जोबनपुत्रा, मानव हेमाणी, चहक चावड़ा, हर्षी चावड़ा, पूर्वी चावड़ा, सोनल चावड़ा, अवनी राठौड़, रितेश चावड़ा, सौरभ मोतीवाला और निशी मोतीवाला उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे