डीजल चोरी करने वाला व खरीदने वाला गिरफ्तार
धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। खड़ी ट्रक से डीजल चोरी करने वाला व खरीदने वाला दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज शुक्रवार काे जेल भेज दिया है।
कुरूद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राहुल कुमार यादव निवासी सड्डू रायपुर ने कुरूद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी मां सुमित्रा देवी यादव के नाम से पंजीकृत ट्रक की देखरेख वे स्वयं करते हैं। 10 नवंबर को ट्रक चालक अजय ध्रुव को रायपुर से बचेली माल भरने के लिए भेजा गया था, लेकिन आरोपित चालक बचेली न जाकर कुरूद स्थित पुरुषोत्तम पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा कर दिया। 11 नवंबर की रात करीब एक बजे आरोपित चालक ट्रक को ग्राम चरमुड़िया उपस्वास्थ्य केंद्र के पास ले गया और ट्रक की टंकी में भरे डीजल में से करीब 130 लीटर डीजल चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित चालक अजय धु्रव के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पतासाजी में जुटी हुई थी।
विवेचना के दौरान संदेही चालक अजय ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित अजय धु्रव ने डीजल चोरी करना स्वीकार किया। ट्रक से करीब 100 लीटर डीजल तीन अलग-अलग जरकिन में निकालकर गांव के ही लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल को 6,800 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने दूसरे आरोपित लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल के कब्जे से चोरी के 100 लीटर डीजल तीन अलग-अलग जरकिन डिब्बों में बरामद किया। चोरी की संपत्ति खरीदने का अपराध पाए जाने पर इसके खिलाफ भी जुर्म दर्ज किया गया। 13 नवंबर को पुलिस ने दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपित अजय ध्रुव उर्फ अज्जू 27 वर्ष निवासी ग्राम चरमुड़िया थाना कुरूद और लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल 29 वर्ष निवासी ग्राम चरमुड़िया, थाना कुरूद जिला धमतरी निवासी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा