रायगढ़ में गुरुजी के घर छापा, अवैध डीजल-पेट्रोल और कबाड़ का भंडाफोड़
रायगढ़ 24 मई (हि.स.)। छाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध डीजल-पेट्रोल एवं कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिक्षक के घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में ईंधन, कबाड़ और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया।
पुलिस ने शनिवार की देर रात मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से लगातार सूचना मिल रही थी कि शिक्षक ताराचंद पटेल के घर में अवैध रूप से डीजल, पेट्रोल और कबाड़ का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम दबिश दी।
जांच के दौरान सामने आया कि कथित रूप से इस अवैध कारोबार का संचालन उनकी पत्नी पुष्पा पटेल द्वारा किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार अवैध ईंधन को अधिक कीमत पर बेचकर लाभ कमाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 50 लीटर डीजल, 50 लीटर पेट्रोल, करीब 2 क्विंटल कबाड़ तथा परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 15 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में मामले की चर्चा तेज हो गई है और लोग शिक्षा से जुड़े परिवार के नाम सामने आने पर हैरानी जता रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान