तेज रफ्तार कार ने माेटरसाइकिल को मारी टक्कर, युवक की मौत, एक घायल

 


रायगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार चालक ने विपरीत दिशा से आ रही माेटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के सतना जिले के ग्राम मसमासी गजांत कला निवासी दिलीप कुमार प्रजापति (25 वर्ष) वर्तमान में रायगढ़ के ग्राम मिड़मिड़ा में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि आज गुरुवार काे माेटरसाइकिल से जाते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए माेटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में दिलीप कुमार प्रजापति को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं माेटरसाइकिल में सवार दूसरा युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलने पर जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान