रामानुजगंज में गणेश पूजा की धूम, धीरज सिंहदेव बोले- धार्मिक आयोजनों में कम साउंड पर डीजे की अनुमति हो
बलरामपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। गणेश उत्सव को लेकर रामानुजगंज नगर में भक्तिमय माहौल है। नगर के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-बड़े आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए हैं, जहां भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं विराजमान हैं। 14 सितंबर को प्रतिमाओं की स्थापना के बाद से पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। 25 सितंबर को कन्हर नदी घाट पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
इसी क्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव मंगलवार देर शाम रामानुजगंज पहुंचे। उन्होंने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने भंडारे में प्रसाद भी ग्रहण किया। उन्होंने पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आयोजन की जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत में धीरज सिंहदेव ने कहा कि रामानुजगंज में गणेश पूजा समितियों द्वारा हर वर्ष भव्य आयोजन किया जाता है। कई समितियां पिछले 10 से 15 वर्षों से गणेश उत्सव मनाती आ रही हैं। इस बार भी समितियों ने आकर्षक पंडाल तैयार किए हैं और पूरे नगर में उत्सव का माहौल है।
डीजे प्रतिबंध को लेकर पूछे गए सवाल पर धीरज सिंहदेव ने कहा कि उच्च न्यायालय का आदेश है, लेकिन धार्मिक और पूजा आयोजनों में डीजे के बिना आयोजन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि साउंड कम करके डीजे के उपयोग का रास्ता निकाला जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे शासकीय कार्यक्रमों में भी पुलिस द्वारा डीजे का उपयोग किया जाता है। उन्होंने न्यायालय के आदेश के पालन के साथ कम आवाज में डीजे के उपयोग पर विचार किए जाने की बात कही।
रामानुजगंज में गणेश उत्सव को लेकर पूजा समितियां विसर्जन की तैयारियों में जुटी हैं। 25 सितंबर को प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ उत्सव का समापन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय