धमतरी जिला राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित
रायपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण और बैंकिंग योजनाओं के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
धमतरी जिले को यह सम्मान सीडी रेशियो, एसीपी बजट लक्ष्य की प्राप्ति और एनपीए वसूली के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है। रायपुर में मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में 103वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक पिछले दिनों आयोजित हुई। बैठक में धमतरी जिले को बैंकिंग क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार प्रदान किया गया। धमतरी की ओर से लीड बैंक मैनेजर इंदर कुमार तिलवानी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
जिले ने सीडी रेशियो, एसीपी बजट लक्ष्य हासिल करने और एनपीए की प्रभावी वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले की बैंकिंग और प्रशासनिक टीम को बधाई दी। गतिविधियों को वित्तीय सहयोग धमतरी जिले में किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, उद्यमियों और छोटे व्यवसायियों को प्राथमिकता क्षेत्र के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही लंबित ऋणों की वसूली पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
प्रशासन और बैंकिंग संस्थानों के बेहतर समन्वय से मिली इस उपलब्धि को जिले में वित्तीय समावेशन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुल मिलाकर, बैंकिंग क्षेत्र में धमतरी के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने जिले का गौरव बढ़ाया है। धमतरी जिले द्वारा बैंकिंग सेक्टर के माध्यम से वित्तीय समावेशन, जनहित योजनाओं और लोन वितरण में बेहतरीन कार्य किया गया है।यह पुरस्कार मिलने से धमतरी जिले के प्रशासनिक और बैंकिंग अमले में उत्साह का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा