धमतरी में सड़क निर्माण से चरोटा भेंडरा में पेयजल संकट

 


-पाइपलाइन बार-बार हो रही क्षतिग्रस्त

धमतरी, 02 मई (हि.स.)। धमतरी ब्लाक के ग्राम पंचायत चरोटा भेंडरा सहित आसपास के गांवों में लोकनिर्माण विभाग द्वारा कुरमाराई से सिलौटी तक सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है। लेकिन इस निर्माण कार्य के चलते गांव की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सड़क के भीतर बिछी नल-जल पाइपलाइन भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण लोकेश साहू, कामता देवांगन, अंजोरीराम साहू के अनुसार, निर्माण कार्य में लगे भारी हाइवा और अन्य वाहनों के दबाव से पाइपलाइन बार-बार टूट रही है। मरम्मत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थिति यह है कि एक दिन ठीक होने के बाद दूसरे ही दिन फिर पाइपलाइन फट जाती है और पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती है। ग्रामीण पंचू साहू, दीना साहू ने बताया कि लगातार पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गांव में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। इस समय गांव में शादी का भी माहौल है, ऐसे में पानी की कमी से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर जनदर्शन में भी शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा प्रभावित न हो और लोगों को राहत मिल सके।

ग्राम चरोटा के सरपंच बीएन पटेल ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि पाइपलाइन को नए सिरे से सुरक्षित स्थान पर बिछाया जाए या अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से बचा जा सके। उनका कहना है कि यदि वर्तमान स्थिति में ही सड़क निर्माण पूरा कर लिया गया, तो आगे पाइपलाइन को और अधिक नुकसान होने की आशंका बनी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा