अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर धमतरी पुलिस ने किया सामूहिक योग
धमतरी, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रविवार काे धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र धमतरी में रविवार को योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना, तनाव प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। योग शिविर में प्रशिक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, ध्यान तथा श्वसन संबंधी अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यवर्धक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम बताया गया। उल्लेखनीय है कि पुलिस लाइन रूद्री में पिछले एक वर्ष के दौरान आयोजित यह दसवां योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविर तथा सूजय मंडल एवं रूचि साहू द्वारा संचालित चौथा विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन और आत्मा को संतुलित करने की जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ते मानसिक तनाव और अवसाद जैसी समस्याओं के बीच योग की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट अनुलोम-विलोम करने की अपील करते हुए कहा कि “करो योग, रहो निरोग” का संदेश प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक मीना साहू, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, जिले के सभी थाना प्रभारी, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा