धमतरी पुलिस की आपातकालीन सेवा हुई हाईटेक, 12 नए डायल-112 ईआरवी वाहन होंगे तैनात

 


धमतरी, 19 मई (हि.स.)। धमतरी जिले में आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में धमतरी पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। पुलिस लाईन धमतरी स्थित कम्पोजिट बिल्डिंग में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं मौजूदगी में डायल-112 एवं ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) में पदस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में जिले को प्राप्त 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन, त्वरित रिस्पांस, तकनीकी समन्वय, घटनास्थल तक शीघ्र पहुंचने और आमजन से संवेदनशील व्यवहार को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। ये वाहन जिले के 12 थाना क्षेत्रों में 24 घंटे सक्रिय रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला अपराध, मारपीट, विवाद एवं अन्य आपात स्थितियों में तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल-112 सेवा आम जनता की सुरक्षा और विश्वास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक सूचना को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए न्यूनतम समय में घटनास्थल पहुंचकर पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए।

छत्तीसगढ़ शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत शहर क्षेत्रों में 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों के माध्यम से दुर्घटना एवं आपराधिक घटनाओं में तत्काल राहत और सुरक्षा प्रदान की जाएगी। जानकारी के अनुसार, इन नए डायल-112 वाहनों को केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। अब इनके जिले में शामिल होने से धमतरी पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक मजबूत हो गई है। आज आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इन वाहनों को विधिवत हरी झंडी दिखाकर संबंधित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया जाएगा।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी विपिन रंगारी सहित डायल-112 एवं ईआरवी से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और वाहन चालक उपस्थित

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा