पीएम स्वनिधि योजना में बेहतर काम के लिए धमतरी निगम सम्मानित

 


धमतरी, 14 नवंबर (हि.स.)। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन के लिए नगर निगम धमतरी को सम्मानित किया गया। शनिवार को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा एवं उपायुक्त पी सी सार्वा को सम्मान प्रदान किया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम धमतरी ने योजना के तहत पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया है। निगम के जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार योजना के लिए कुल 5139 पथ विक्रेताओं का लक्ष्य निर्धारित था। इसके विरुद्ध 4333 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 3819 प्रकरणों में ऋण स्वीकृत हुआ। इनमें 3687 हितग्राहियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। इस तरह लक्ष्य के मुकाबले 71.75 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। योजना के तहत प्रथम चरण में 2757, द्वितीय चरण में 669 और तृतीय चरण में 261 पथ विक्रेताओं को ऋण मिला है। निगम द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने और लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। सम्मान को निगम के इसी कार्य का प्रोत्साहन माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा