फुटहामुड़ा नहर परियोजना में तेजी: निरीक्षण और संवाद से समाधान की राह आसान

 


धमतरी, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले की महत्वाकांक्षी फुटहामुड़ा नहर परियोजना को गति देने के लिए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। निर्माण कार्यों की प्रगति और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार निरीक्षण और संवाद का सिलसिला जारी है।

इसी कड़ी में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता हेमलाल कुरेशिया ने आज बुधवार काे ग्राम जोगीडीह और गाड़ाघाट पहुंचकर निर्माणाधीन नहर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर सिंचाई व्यवस्था, भूमि अर्जन और निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का त्वरित और व्यावहारिक समाधान किया जाएगा तथा परियोजना में आवश्यक तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं। जोगीडीह के किसानों द्वारा अतिरिक्त सिंचाई सुविधा की मांग पर कार्यपालन अभियंता ने सकारात्मक पहल करते हुए सर्वे कराने और लिफ्ट एरिगेशन प्रणाली के माध्यम से फुटहामुड़ा तक पानी पहुंचाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की बात कही। इस पहल से क्षेत्र में स्थायी सिंचाई सुविधा विकसित होने की उम्मीद बढ़ गई है। इससे पहले कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने परियोजना से प्रभावित गांवों के किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कार्यों की समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, साथ ही किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। फुटहामुड़ा नहर परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी के साथ किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। जिला प्रशासन इस परियोजना को तय समय में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध नजर आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा