जंगल में अतिक्रमण, 50 से अधिक झोपड़ियों पर चला बुलडोजर

 




धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। वन विभाग के जंगलों में जबरिया अतिक्रमण कर झोपड़ी व मकान बनाकर रहने वाले अतिक्रमणकारियों को सबक सिखाने वन विभाग ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया है। 50 से अधिक झोपड़ियों को ध्वस्त किया है, इससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से क्षेत्र के जंगलों में अतिक्रमण करने की शिकायतें विभाग के अधिकारियों को मिल रही थी।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज बुधवार काे दक्षिण सिंगपुर परिक्षेत्र के वनखंड 169 पालगांव गोंदलानाल और बोदलवंडी के वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में पहुंचे। यहां अवैध रूप से जंगल के बीच बनाए 50 से अधिक झोपड़ी व मकान को छोड़ने कहा गया, लेकिन अतिक्रमणकारी तैयार नहीं हुए, तो वन विभाग ने इस अतिक्रमण पर सीधा बुलडोजर चला दिया। इससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। वन विभाग ने 116.596 हेक्टेयर से कब्जा हटाने की कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान मौके पर वन विभाग, राजस्व और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौजूद थे, जिन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवैध अतिक्रमण को हटाने के बाद जिले के अन्य जंगलों में अतिक्रमण करने के फिराक पर बैठे लोगों की मंशा पर पानी फिर गया है।

मगरलोड, नगरी और धमतरी क्षेत्र के जंगलों में अवैध अतिक्रमण की शिकायतें समय-समय पर वन विभाग तक पहुंचती है, जिस पर विभाग सीधे कार्रवाई करती है। डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि जंगल की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और वन क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह अभियान आगे भी अन्य क्षेत्रों में चलाया जाएगा, इससे प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा की जा सके और अवैध कब्जों पर रोक लगाई जा सके। जहां से भी जंगलों में अवैध ढंग से अतिक्रमण की शिकायतें मिलती है, सीधे कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा