स्मार्ट मीटर के बाद बढ़े बिजली बिलों पर फूटा लोगों का गुस्सा, कांग्रेस पार्षदों के साथ कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे वार्डवासी

 


धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)। शहर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई लोगाें का बढ़ा हुआ बिल आ रहा है। इससे लोग परेशान हैं। कई लोगों का आनलाइन बिल अलग तो आफ लाइन बिल आ रहा है। बिल में आ रही विसंगति और बढ़े हुए बिल काे लेकर आक्रोशित वार्डवासियों ने सोमवार को कांग्रेस पार्षदों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बिलों की जांच कर राहत दिलाने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि पहले जहां उपभोक्ताओं का बिजली बिल 700 से 800 रुपये तक आता था, वहीं अब वही बिल 2,000 से 2,500 रुपये तक पहुंच गया है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग ने बढ़े हुए बिलों की जांच कर समस्या का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस आम जनता के साथ बिजली कार्यालय के सामने आंदोलन करेगी। उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने आरोप लगाया कि जुलाई माह के बिजली बिलों ने आम लोगों को झटका दिया है। एक ओर सरकार महतारी वंदन योजना के तहत एक हजार रुपये दे रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली बिल बढ़ाकर लोगों से तीन से चार हजार रुपये वसूल रही है। पार्षद सुमन मेश्राम ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर पुरानी रीडिंग और स्मार्ट मीटर की नई रीडिंग का मिलान कराया जाए तथा जिन उपभोक्ताओं के बिल गलत पाए जाएं, उन्हें तत्काल राहत दी जाए। महिमा सागर वार्ड की निवासी रमली बाई ने बताया कि उनके दो कमरे के कच्चे मकान का पिछले महीने 470 रुपये बिजली बिल आया था, जबकि इस माह 2,100 रुपये का बिल मिला है, जिसे मजदूरी कर चुकाना उनके लिए संभव नहीं है। वहीं डाक बंगला वार्ड निवासी सतीश यादव ने बताया कि वह गैरेज लाइन में काम करते हैं। तीन कमरे के कच्चे मकान में रहने वाले उनके परिवार का पहले 300 से 400 रुपये तक बिजली बिल आता था, लेकिन इस बार 1,800 रुपये का बिल मिलने से वे परेशान हैं। कलेक्टर के प्रतिनिधि ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए और कहा कि यदि बिलों में गड़बड़ी पाई गई तो आवश्यक सुधार कराया जाएगा। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर पार्टी आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस दौरान पूर्णिमा गजानंद रजक, उमा भागी ध्रुव, रामेश्वरी कोसरे, योगेश लाल, भागवत साहू, राजेश साहू, काशीराम नायक, नरोत्तम देवांगन, पुन्नी बाई, सुशीला दीवान, उषा पाठक, शिव कुमार, कामता प्रसाद सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा