धमतरी के बागतराई ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगी भीषण आग, धुएं से आसपास का इलाका प्रभावित

 


धमतरी, 25 मई (हि.स.)। धमतरी शहर के सोरिद स्थित बागतराई ट्रेंचिंग ग्राउंड में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते धुएं का गुबार आसपास के क्षैत्राें में फैलने लगा। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार धमतरी नगर निगम के सभी 40 वार्डों से प्रतिदिन निकलने वाला कचरा बागतराई स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में डंप किया जाता है। शहर को 9 जोनों में बांटकर सफाई व्यवस्था संचालित की जाती है। स्वच्छता समूह की महिलाएं घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करती हैं, वहीं नगर निगम की स्वच्छता गाड़ियां दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कचरा उठाकर इसी डंपिंग स्थल तक पहुंचाती हैं। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच ट्रेंचिंग ग्राउंड में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पर्याप्त एहतियात और सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। तेज गर्म हवाओं और अत्यधिक उष्णता के बीच छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। घटना के बाद ट्रेंचिंग ग्राउंड से उठती आग की तेज लपटें दूर तक दिखाई देती रहीं। धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र का वातावरण भी प्रभावित हुआ। हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं है। वहीं आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा