सड़कों पर फिर बढ़ा मवेशियों का जमावड़ा, धरपकड़ अभियान ठप होने से लोगों की परेशानी बढ़ी

 




-शहर में मवेशी धरपकड़ अभियान बंद, लोग हो रहे परेशानधमतरी, 09 अगस्त (हि.स.)। धमतरी शहर में मवेशी धरपकड़ अभियान बंद होने से फिर से शहर की सड़क में मवेशियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। शहर से गुजरे पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर कलेक्ट्रेट गार्डन तक मवेशियों की घुसपैठ बढ़ गई है। कलेक्ट्रेट की कंपोजिट बिल्डिंग पार्किंग एरिया और अन्य स्थानों पर मवेशियों का जमावड़ा है। नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

शहर में मवेशी धरपकड़ अभियान बंद होने के कारण नेशनल हाईवे और गलियों में जानवरों का जमावड़ा लगा है। इसके चलते लोग खासे परेशान हैं। नगर निगम और पुलिस विभाग के द्वारा किसी तरह की कार्रवाई न होने से फिर से पहले की तरह माहौल हो गया है। अर्जुनी मोड़ से लेकर के श्यामतराई कृषि उपज मंडी के बीच कई स्थानों पर मवेशियों को बैठे हुए देखा जा सकता है। बठेना पावर हाउस, नया बस स्टैंड, सिहावा चौक, पुराना बस स्टैंड, रत्ना बाँधा चौक, बाम्बे गैरेज क्षेत्र, अंबेडकर चौक, सोरिद पुल, कृषि उपज मंडी के पास मवेशी बैठे रहते हैं। इसके चलते वाहन चालक मवेशी से टकराकर घायल हो जाते हैं। शहर के व्यवसायी टोकेश देवांगन ने कहा कि नगर निगम को मवेशी धरपकड़ अभियान फिर से शुरू करना चाहिए। धरपकड़ बंद होने से लोगों को काफी परेशानी होती है। पूर्व में अभियान चलने से इसका बेहतर रिजल्ट देखने को मिला था। सड़कों पर मवेशी नजर आ रहे हैं। मवेशी मालिकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। जागरूक नागरिक मोहित साहू ने कहा कि नगर निगम की सुस्ती के कारण ही इस तरह की स्थिति बन रही है। सड़क से लेकर कलेक्ट्रेट गार्डन तक मवेशियों का जमावड़ा लगा हुआ है। निगम को लगातार मवेशी धपपकड़ अभियान चलाना चाहिए। सड़क में बैठे हुए मवेशियों के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। धरपकड़ होने से आवागमन सुगम होगा दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। इस संबंध में निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि मवेशियों की धरपकड़ जारी है। पूर्व में पकड़े गए मवेशी कांजी हाउस में बंद है। इस संबंध में फिर से योजना बनाकर बेसहारा मवेशियों की धरपकड़ करेंगे। साथ ही मवेशी मालिकों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा