1853 विद्यार्थियों ने दी प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा
छत्तीसगढ़ी संस्कृति व प्रशासन पर आधारित प्रश्न पूछे गए
धमतरी, 10 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा नौवीं प्रवेश के लिए जिले के छह परीक्षा केंद्रों में रविवार को प्राक्चयन परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में पंजीकृत 2040 में से 1853 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। वहीं 187 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चली परीक्षा में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने को मिला। परीक्षा में इस बार छत्तीसगढ़ की संस्कृति, प्रशासन और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का व्यापक समावेश रहा, जिसने परीक्षार्थियों की समझ और सोचने की क्षमता को परखा।
प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12 वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लेट एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से राज्य में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों के कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए रविवार को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे गए। इनमें विज्ञान के 20, गणित के 20, सामाजिक विज्ञान के 20, मानसिक योग्यता के 10, हिंदी के 10, अंग्रेजी के 10 एवं छत्तीसगढ़ के 10 प्रश्न शामिल थे। पेपर मध्यम स्तर का था। परीक्षा केंद्र शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उ मा विद्यालय में 302 उपस्थित एवं 48 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। डा. शोभाराम देवांगन शासकीय उ मा विद्यालय में 328 उपस्थित एवं 22 अनुपस्थित, मेनोनाइट इंग्लिश स्कूल 357 उपस्थित और 43 अनुपस्थित, मेनोनाइट हिंदी उ मा विद्यालय में 220 उपस्थित एवं 20 अनुपस्थित, माडल इंग्लिश स्कूल में 327 उपस्थित एवं 23 अनुपस्थित एवं सर्वोदय उ मा विद्यालय धमतरी परीक्षा केंद्र में 319 उपस्थित एवं 31 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग विमल साहू ने बताया कि जिले के सभी छह केंद्रों में परीक्षा व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण निश्शुल्क आवासीय शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलता है। जिले के विद्यार्थी भी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयनित होकर प्रयास आवासीय विद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं।
परीक्षा में छत्तीसगढ़ से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे गए। परीक्षा में छत्तीसगढ़ के चक्रधर सम्मान, छत्तीसगढ़ी मुहावरा कथरी ओढ़े घी खाय का अर्थ, छत्तीसगढ़ में रावण की मूर्ति, वनपाल प्रशिक्षण विद्यालय, छत्तीसगढ़ सरकार का जनजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, छत्तीसगढ़ के अधिकारिक राज्य गीत में नदियों और जिले के उल्लेख, सिरपुर किस धर्म से संबंधित जैसे प्रश्न पूछे गए थे। वहीं सामाजिक विज्ञान खंड में पंचायती राज व्यवस्था, रैयतवारी प्रणाली, ग्राम सभा के सदस्य, नकदी फसल, काला सोना शब्द प्रयोग, बाल विवाह समाप्त, साइमन आयोग, भारत में पहली ट्रेन, एफआइआर का पूर्ण रूप सहित अन्य प्रश्न पूछे गए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा