देव दीपावली पर श्रद्धा और भक्ति में डूबे श्रद्धालु, महानदी में लगाई आस्था की डुबकी

 


धमतरी, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 नवंबर को जिले में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही महानदी सहित विभिन्न नदी-तालाबों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान की पूजा-अर्चना की और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

ग्राम रुद्री स्थित प्रसिद्ध रुद्रेश्वर महादेव घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने महानदी में स्नान कर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद नदी में दीप प्रवाहित कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। श्रद्धालुओं ने घाट पर सामूहिक आरती की और प्रसाद वितरण भी किया। रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए भी भक्तों की भीड़ लगी रही।

कार्तिक पूर्णिमा पर ग्रामीण अंचलों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्तिक मास तक स्नान करने वाली महिलाओं ने आंवले के पेड़ के सामने दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की मंगल कामना की। ग्राम कोलियारी में महानदी के किनारे मेले का आयोजन हुआ, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिले के अन्य स्थानों पर भी मेले और धार्मिक आयोजन हुए।

विप्र विद्वत परिषद के मीडिया सलाहकार पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पवित्र तिथि माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना और व्रत करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दीपदान से यश और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से देव दीपावली मनाई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा