युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा 2047 का विकसित भारत : केदार कश्यप

 


जगदलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर संभाग मुख्यालय स्थित सबसे पुराने शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत भारत मंडला कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि यह कर्मठ युवा भारत वर्ष 2047 तक देश को विश्व गुरु और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ निश्चय एवं संकल्प का उल्लेख करते हुए बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे के साथ शांति व विकास के नए युग की शुरुआत को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय ने सेवा को नागरिक का मूल धर्म बताते हुए सामाजिक समरसता पर बल दिया, वहीं पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन को रेखांकित करते हुए सेवा पखवाड़े के अभियानों के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में छात्राओं द्वारा सेवा के रंग राष्ट्र के संग थीम पर भव्य एवं आकर्षक रंगोली बनाई गई, जिसकी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। समारोह के समापन पर रंगोली बनाने वाली छात्राओं सहित अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे