पुलिस के आश्वासन के बाद देवभोग-रायपुर मार्ग पर फिर शुरू हुआ बसों का संचालन

 




रायपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। देवभोग से रायपुर के बीच बुधवार से जारी बस हड़ताल स्थगित कर दी गई है। गुरुवार शाम पुलिस की ओर से गांजा तस्करी मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद बस कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया।

बस कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने शुक्रवार से इस मार्ग पर बसों का संचालन फिर शुरू होने की जानकारी दी है। लेकिन उच्च न्यायालय ) के निर्देशानुसार उदंती सीतानदी अभ्यारण्य से गुजरने वाले इस मार्ग पर रात के समय आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। 7:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों (यात्री बसों और निजी वाहनों सहित) की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहती है।

उल्लेखनीय है कि 4 अक्टूबर को गरियाबंद पुलिस ने रायपुर आ रही महेश ट्रैवल्स की एक बस से गांजा जब्त किया था। बताया गया कि गांजा देवभोग से लगेज के रूप में रायपुर भेजा जा रहा था। मामले में पुलिस ने बस चालक अशोक यदु, कंडक्टर शमशुद्दीन और ओडिशा के ऑटो चालक भजन धुरवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

कार्रवाई के विरोध में बस कर्मचारी संघों ने बुधवार से हड़ताल शुरू की थी। कर्मचारियों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो। पुलिस के आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई है और बसों का सञ्चालन शुरू कर दिया गया है ।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा