बीजापुर में उपमुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा, धीमी गति पर जताई नाराजगी

 


बीजापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में बीजापुर कलेक्टोरेट के इन्द्रावती सभाकक्ष में गुरुवार काे विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने जिले में स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने जिले में स्वीकृत एवं निर्माणाधीन सड़कों, शासकीय भवनों और अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी पर रोक लगाने और तय समय में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने को कहा। अप्रारंभ कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान फुंडरी में निर्माणाधीन पुल की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि पुल का निर्माण अंतिम चरण में है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने शेष कार्य जल्द पूरा कर पुल को आवागमन के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं बेदरे में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल को लेकर अधिकारियों ने बताया कि रिटेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बासागुड़ा में तालपेरु नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल सहित जिले के अन्य पुल-पुलियों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर विश्वदीप ने बैठक में बीजापुर बायपास सड़क से संबंधित आवश्यक जानकारी उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी। अरुण साव ने कहा कि बेहतर सड़क और पुल-पुलिया नेटवर्क जिले के आवागमन और विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्यों में तेजी लाई जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ‘हर घर जल’ योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र परिवारों तक नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंचे। उन्होंने जलापूर्ति योजनाओं की लगातार निगरानी करने, अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और धीमी कार्यगति पर उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में राजस्व संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित नगरीय निकायों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने कहा कि जिले में अब भयमुक्त और सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। इस वातावरण का लाभ बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने में लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय स्तर से ही बच्चों में खेल के प्रति रुचि विकसित करने और उन्हें नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों से कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे