उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांकेर सिटी कोतवाली में ई-मालखाना का किया उद्घाटन

 


कांकेर, 11 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की कांकेर पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए थाना सिटी कोतवाली में अत्याधुनिक ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस डिजिटल व्यवस्था का आज शनिवर काे उद्घाटन किया।

इस प्रणाली के माध्यम से अब पुलिस द्वारा जब्त की गई सभी केस प्रॉपर्टी का सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कांकेर पुलिस को मिली नई बस और तीन स्कॉर्पियो वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा ई-मालखाना के सफल संचालन में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

ई-मालखाना में जब्त वाहन, मोबाइल फोन, नकदी, हथियार, आभूषण, एनडीपीएस प्रकरणों की सामग्री सहित अन्य केस प्रॉपर्टी का पूरा विवरण डिजिटल रूप से दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक वस्तु को यूनिक कोड और डिजिटल आईडी दी जाएगी, जिससे उसकी जानकारी, फोटो, केस विवरण और स्टोरेज लोकेशन तत्काल उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही ‘चेन ऑफ कस्टडी प्रणाली के जरिए यह भी रिकॉर्ड रहेगा कि किस अधिकारी ने कब और किस उद्देश्य से सामग्री जमा या प्राप्त की जा सकेगी। कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी और नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि ई-मालखाना प्रणाली से जब्त संपत्तियों का प्रबंधन अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी होगा। इससे न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान केस प्रॉपर्टी की उपलब्धता आसान होगी और रिकॉर्ड के गुम होने या त्रुटि की संभावना भी कम होगी। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था को जल्द ही जिले के सभी थानों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे