जनगणना में ओबीसी का अलग कालम जोड़ने की मांग
धमतरी, 23 सितंबर (हि.स.)। आगामी जातिगत जनगणना की के प्रारूप में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए पृथक एवं स्पष्ट कालम तथा जाति का कालम जोड़ने की मांग को लेकर बुधवार को ओबीसी कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। अन्य पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रमोद सिन्हा ने कहा कि ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या का विश्वसनीय, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आंकड़ा संकलित किया जाना चाहिए।
उन्होंने जातिगत जनगणना से प्राप्त सभी आंकड़ों को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर सामाजिक न्याय, प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं का पुनर्मूल्यांकन किया जाना चाहिए। साथ ही पिछड़ा वर्ग समुदाय के संवैधानिक अधिकारों एवं हिस्सेदारी को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। ज्ञापन में राज्यपाल से उक्त मांगों पर संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। इस दौरान भखारा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष होमेंद्र साहू, मगरलोड ब्लाक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डीहु राम साहू, धमतरी ग्रामीण ब्लाक अध्यक्ष खिलेंद्र ध्रुव, राजू साहू, हीना ध्रुव सहित ओबीसी कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा