बिलासपुर की छात्रा से दुष्कर्म मामले में शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग
धमतरी, 25 जून (हि.स.)। बिलासपुर क्षेत्र में संचालित एक निजी स्कूल की एक नाबालिग छात्रा के साथ एक शिक्षक पर अनाचार का आरोप है। इस मामले में आरोपित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सेन समाज के पदाधिकारी व सदस्यों ने गुरूवार को धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचकर कड़ा विरोध जताते हुए कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है।
सेन समाज धमतरी के जिलाध्यक्ष धनसिंह सेन, मोहित सेन, रवि कौशल, राम गोपाल सेन, देबूराम शांडिल्य, पवन कौशिक, कल्याणी कौशिक, पुष्पा कौशिक, राधा सेन, कमला कौशिक, मंजू सेन, उषा कौशिक, सालनी सेन, विकास शांडिल्य, प्रेम कुमार शांडिल, नरेंद्र कौशिक, राजेश कौशिक आदि समाजजन कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। यहां राज्यपाल के नाम समाजजनों ने ज्ञापन सौंपा है। सौंपे ज्ञापन में समाजजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के एक शिक्षक कई महीनों तक नाबालिग छात्रा काे डराकर उनका शोषण किया है।
पीड़िता द्वारा स्कूल प्रबंधन को जानकारी दिए जाने के बावजूद समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपित का हौसला बढ़ गया था। सेन समाज ने मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई किया जाए। समाज ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित करने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा