स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए रोड क्रॉसिंग की मांग, महापौर और आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
धमतरी, 16 जुलाई (हि.स.)। टिकरापारा मुख्य चौक स्थित मेनोनाइट प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर वार्डवासियों ने आवाज बुलंद की है। स्कूल प्रबंधन, वार्ड पार्षद और स्थानीय नागरिकों ने गुरुवार को महापौर रामू रोहरा और आयुक अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रोड क्रॉसिंग बनाए जाने की मांग की।
समाजजनों का कहना है कि, यह कदम सैकड़ों स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद आवश्यक है। टिकरापारा वार्डवासियों ने बताया कि मेनोनाइट प्राथमिक शाला राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी हुई है, जहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थी टिकरापारा वार्ड के निवासी हैं। प्रतिदिन बच्चे अपने अभिभावकों के साथ सड़क पार कर विद्यालय पहुंचते हैं, लेकिन वर्तमान में डिवाइडर का खुला भाग अंबेडकर चौक से काफी दूर म्युनिसिपल स्कूल चौक की ओर होने के कारण उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। कई बार लोग मजबूरी में बीच सड़क से आवागमन करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि, विद्यालय के समीप डिवाइडर में कम से कम तीन फीट चौड़ी पैदल क्रॉसिंग छोड़ी जाए, ताकि स्कूली बच्चे, अभिभावक और अन्य पैदल राहगीर सुरक्षित रूप से सड़क पार कर सकें। नागरिकों का कहना है कि, इससे न केवल बच्चों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में मदन नेवारे, महेश रावटे, माधुरी रावटे, सुमीत मसीह, आलोक मजूमदार, प्रवीण कश्यप, बसंती मसीह, नारायण, सन्तु राम, विजयेंद्र सोंलके, पूनमचंद, गौरव सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा