जांजगीर-नैला रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज और ट्रेनों के ठहराव की मांग, सांसद कमलेश जांगड़े व नारायण चंदेल ने रेलवे जीएम को सौंपा ज्ञापन

 


जांजगीर-चांपा, 22 अक्टूबर (हि. स.)। जिले की रेलवे समस्याओं के समाधान और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद कमलेश जांगड़े एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने गुरुवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

दोनों नेताओं ने जांजगीर-नैला से बलौदा मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज या अंडरब्रिज निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक पर लगातार जाम लगने से आम नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

बैठक में जांजगीर-नैला स्टेशन पर साउथ बिहार, गोंडवाना और हीराकुंड एक्सप्रेस तथा चांपा जंक्शन पर गीतांजलि एक्सप्रेस के ठहराव की मांग उठाई गई। इसके अलावा नहरिया बाबा मंदिर के पास फुट ओवरब्रिज, नैला ईस्ट केबिन क्षेत्र में आवागमन की सुविधा, स्टेशन पर लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म शेड और पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने का आग्रह किया गया।

अकलतरा, चांपा, बाराद्वार और सक्ती रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार सहित प्रस्तावित नई रेल परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। रेलवे महाप्रबंधक ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई और रेलवे की विशेष टीम से संबंधित स्टेशनों का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT