धमतरी : हटकेशर वार्ड में धरसा रोड निर्माण की मांग तेज, वार्डवासी व ग्रामीणों ने महापौर को सौंपा ज्ञापन
धमतरी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नगर पालिक निगम क्षेत्र के हटकेशर वार्ड क्रमांक 01 में धरसा रोड निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। वार्ड पार्षद सूरज गहरवाल के नेतृत्व में किसानों और स्थानीय नागरिकों ने बुधवार काे महापौर को ज्ञापन सौंपकर बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि हटकेशर क्षेत्र में साहू पारा से मुजगहन नाला तक धरसा रोड का निर्माण वर्षों से लंबित है। बरसात के मौसम में यह मार्ग पूरी तरह कीचड़युक्त और दुर्गम हो जाता है, जिससे किसानों और मजदूरों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खेती-किसानी और दैनिक मजदूरी पर निर्भर ग्रामीणों के लिए यह मार्ग जीवनरेखा के समान है, लेकिन सड़क के अभाव में आवागमन बाधित रहता है। पार्षद सूरज गहरवाल ने कहा कि धरसा रोड में सीसी रोड का निर्माण अत्यंत आवश्यक है, ताकि हर मौसम में सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके। इससे किसानों को फसल परिवहन में सुविधा मिलेगी और मजदूरों की दैनिक आवाजाही भी आसान होगी। समस्त किसान भाइयों ने आम जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संदीप पहिल, कृष्ण बारले, कृष्णा बंजार, अशोक कुमार, जीपन बजारे, दीपक बजा, मोतीलाल, जागेश्वर जागड़े, गोपाल टंडन, संतोष मनपाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे जनआंदोलन की राह भी अपना सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा