अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परसुली के ग्रामीण
धमतरी, 11 अगस्त (हि.स.)। ग्राम परसुली में कथित रूप से चल रहे अवैध गांजा व अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्रामीण मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्राम विकास समिति, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण तोमेश्वर निषाद, धनवा राम, तोरण निषाद एवं त्रिलोकी साहू ने बताया कि गांव में लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। खुलेआम नशीली सामग्री की बिक्री से गांव के युवा एवं स्कूली बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं। इससे गांव का सामाजिक एवं शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होने के साथ ही सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 16 जुलाई को अर्जुनी थाना में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा