रायपुर के गुढ़ियारी में शिवलिंग, साईं बाबा और हनुमान प्रतिमा खंडित, इलाके में तनाव
रायपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके के मंदिर में स्थापित भगवान की प्रतिमाओं को खंडित किए जाने से क्षेत्र में तनाव है । गुढ़ियारी पड़ाव स्थित मंदिर में शिवलिंग, साईं बाबा और हनुमान जी की प्रतिमा में टूटने के निशान मिले हैं। आज सुबह लोगों ने रायपुर के गुढ़ियारी पड़ाव (थोक मार्केट के पास) स्थित एक पुराने धार्मिक स्थल पर लोगों ने खंडित मूर्तियां देखीं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और असामाजिक तत्वों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इधर मामले की शिकायत लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता गुढ़ियारी थाने पहुंचे और प्रतिमाओं को खंडित करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
बजरंग दल का कहना है कि गुढ़ियारी पड़ाव जैसे चल-पहल वाले इलाके में इस तरह की घटना होना सामान्य बात नहीं है। फिलहाल गुढ़ियारी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मंदिर में प्रतिमाएं कैसे और किन परिस्थितियों में खंडित हुईं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और शांति भंग करने की धाराओं के तहत अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया है कि इलाके के और मार्केट के पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि देर रात या सुबह के वक्त वहां कौन-कौन आया था।
पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और बजरंग दल व वीएचपी से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द से जल्द ढूंढकर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा